विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, देहरादून में 23 अक्टूबर से ईवीएम की जांच

देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत देहरादून में 23 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय तकनीकी जांच (एफएलसी) शुरू होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और जांच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी दलों से प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहकर सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसमें मशीनों के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि उनका संचालन सुचारु और त्रुटिरहित रहे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य ईवीएम की विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ईवीएम का विधानसभा क्षेत्रवार रेंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद प्रेक्षक की उपस्थिति में सॉफ्टवेयर के माध्यम से मशीनों का दोबारा रेंडमाइजेशन कर उन्हें बूथवार आवंटित किया जाएगा। इससे निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली जांच प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने की अपील की, ताकि निर्वाचन व्यवस्था के प्रति सभी का विश्वास मजबूत हो सके।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह देव, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई (एम), बसपा और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *