पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (GMOU) की हिमगिरी बस भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, GMOU की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके बाद बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और लैंसडौन कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें
रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।