देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक महिला अनुभाग अधिकारी से अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मचारी फेसबुक के जरिए महिला अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। महिला अधिकारी ने उसे ब्लॉक किया तो वह फोन कर परेशान करने लगा। इतना ही नहीं, आरोप है कि 16 अक्टूबर को वह नशे की हालत में महिला अधिकारी के कार्यालय पहुंच गया और उनके साथ अभद्रता की।
ब्लॉक करने के बाद फोन कर किया परेशान
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अनुभाग अधिकारी आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संबंधित कर्मचारी ने कुछ दिन पहले फेसबुक के माध्यम से उनसे संपर्क करने का प्रयास किया था। इससे परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी ने उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन करना शुरू कर दिया। लगातार आ रहे फोन से परेशान होकर महिला अधिकारी ने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
नशे में कार्यालय पहुंचकर की गाली-गलौज
महिला अधिकारी की शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचा। वहां उसने महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। आरोप है कि उसने महिला अधिकारी को धमकी भी दी।इस घटना के बाद महिला अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस से शिकायत की।