टपकेश्वर मंदिर में पूजा के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, प्रीतम सिंह के नेतृत्व में निकली पदयात्रा

देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस ने जनता के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर न्याय यात्रा की शुरुआत कर दी है। देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की गई।

कांग्रेस का कहना है कि इस न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सवालों और अपेक्षाओं को सुनना है। पार्टी इस अभियान के जरिए जनहित के मुद्दों को उठाने और लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

जनता के बीच पहुंचेगी कांग्रेस

कांग्रेस की ओर से न्याय यात्रा को प्रदेशव्यापी अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी की गई है। इसके तहत आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पदयात्राएं निकाली जाएंगी। पार्टी कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

राजपुर और मसूरी में भी प्रस्तावित यात्रा

देहरादून में पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाले जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर और पलटन बाजार में जनसंपर्क करते हुए यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचेगी।

कांग्रेस इस अभियान के जरिए जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि न्याय यात्रा के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दे प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव डालते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *