देहरादून में सरकारी बोलेरो का कहर, 7 वाहनों को मारी टक्कर; हादसे के बाद 4 युवक फरार

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार देर रात एक सरकारी बोलेरो से भीषण सड़क हादसा हो गया। चंदन नगर क्षेत्र में कृषि विभाग से जुड़ी बताई जा रही बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े सात दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद बोलेरो में सवार चालक समेत चार युवक मौके से फरार हो गए।

सात वाहनों को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात चंदन नगर क्षेत्र में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान एक युवक को चोट भी आई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

हादसे के बाद फरार हुए चार युवक

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटवाया और अपने कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो में सवार चारों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

नशे में होने का आरोप

स्थानीय लोगों ने बोलेरो में सवार युवकों पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच या पुलिस की जांच के आधार पर ही हो सकेगी।

दुर्घटना में शामिल बोलेरो उत्तराखंड उप-निदेशक स्टैटिक्स बोर्ड से जुड़ी बताई जा रही है। सरकारी वाहन से हुए इस हादसे के बाद वाहन के इस्तेमाल और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच और संबंधित अधिकारियों के बयान के बाद हादसे की परिस्थितियों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *