उत्तराखंड विजन 2047: 28 लाख करोड़ की होगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था, 12 लाख रोजगार देने का लक्ष्य

देहरादून। उत्तराखंड को वर्ष 2047 तक एक आदर्श हिमालयी राज्य बनाने के लिए धामी सरकार ने विकसित उत्तराखंड विजन-2047 का रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने और प्रति व्यक्ति आय 20 लाख रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने रोजगार, ऊर्जा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कनेक्टिविटी और तकनीकी विकास समेत छह प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया है।

विजन-2047 के रोडमैप में वर्ष 2030, 2035, 2040, 2047 और 2050 के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनके आधार पर विभागीय कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी और योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।

बेरोजगारी दर घटाकर 3.5 प्रतिशत करने का लक्ष्य

सरकार ने प्रदेश में बेरोजगारी दर को मौजूदा 5.7 प्रतिशत से घटाकर 3.5 प्रतिशत करने और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।नियोजन सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम के अनुसार, कृषि क्षेत्र में मोटे अनाजों की उत्पादकता 25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर करने और 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सगंध फसलों की खेती का लक्ष्य है। वहीं, पर्यटन क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने और प्रदेश में 12 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने की योजना है।

22 हजार मेगावाट तक पहुंचेगी ऊर्जा क्षमता

ऊर्जा क्षेत्र में वर्ष 2047 तक प्रदेश की स्थापित क्षमता को करीब 22 हजार मेगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के तहत वन आच्छादन को बढ़ाकर 46.6 प्रतिशत करने की योजना है।

रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर

प्रदेश में आवागमन और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क, रेल, सुरंग और हवाई संपर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 13 हेली एंबुलेंस और चार फ्लाइंग स्कूल स्थापित करने का लक्ष्य भी रोडमैप में शामिल किया गया है।सरकार का दावा है कि इन लक्ष्यों के जरिए उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ रोजगार, पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *