उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, जनसमस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश में पार्टी की मौजूदा स्थिति और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की रणनीति, चुनावी तैयारियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई।
महारैली को बताया जनता के आक्रोश का प्रतीक
वहीं, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन प्रभारी राजेंद्र शाह ने एक नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित महारैली की सफलता पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, राष्ट्रीय नेतृत्व और उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महारैली में उमड़ा जनसैलाब भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता के आक्रोश को दर्शाता है।