पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

देहरादून। दीपावली और त्योहारी सीजन में पटाखों से बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर नगर निगम देहरादून ने जन-जागरूकता अभियान चलाया। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत पलटन बाजार के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों और व्यापारियों को पटाखों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

 

 

नगर आयुक्त के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया गया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और सूक्ष्म कण (PM2.5 और PM10) वायु गुणवत्ता को खराब करते हैं। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।

 

 

इस दौरान नागरिकों से पटाखों का सीमित और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की गई। साथ ही पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने और वायु प्रदूषण कम करने में सहयोग देने का संदेश दिया गया।

 

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन की भागीदारी बढ़ाकर शहर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *