दिल्ली। भारतीय खिलाड़ी आजादी के 75वें साल का जश्न इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में मनाएंगे।
केन्द्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, खेल राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक, भारतीय ओलम्पिक संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष अनिल खन्ना, महासचिव राजीव मेहता और कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पाण्डेय ने गुरूवार को यहां आयोजित विदाई समारोह में खिलाड़ियों को भावभीनी विदाई देते हुए यह विचार व्यक्त किया। इन खेलों में भारत के 215 खिलाड़ी 16 खेलों में हिस्सा लेंगे। इनके साथ 81 अधिकारी भी उतरेंगे। इस अवसर पर खिलाड़ियों की आधिकारिक पोशाक का भी अनावरण किया गया।
खेल मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इन खेलों में भारत का 215 सदस्यीय दाल उतरेगा जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ियों की संख्या एक बराबर होगी। उन्होंने कहा,”राष्ट्रमंडल खेलों में 108 पुरुष और 107 महिला खिलाड़ी उतरेंगे। जो यह कहता है कि टोक्यो ओलम्पिक की कामयाबी का सफर जारी है।”
उन्होंने कहा,” 100 से ज्यादा खिलाड़ी इस समय विदेशों में ट्रेनिंग ले रहे हैं। खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में हम कोई कमी नहीं आने देंगे और आगे भी उन्हें मदद देते रहेंगे।”
