नहीं रहे मुलायम सिंह यादव, गुरुग्राम के मेदांता सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में ली आखरी सांसे

झांसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व सांसद डॉ़ चंद्रपाल सिंह यादव सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने  मुलायम सिंह यादव के निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया हैं।

डॉ़ चंद्रपाल ने आज यहां  मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “नेता जी का निधन पार्टी के लिए बहुत बड़ा झटका है। उनके जाने से हुई क्षति को कोई पूरा नहीं कर सकता है। हमने उनके साथ काम किया है और आज उनके निधन से हो रहे दुख को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है।”

झांसी सदर विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रवि शर्मा ने कहा, “ समाजवादी विचारक मुलायम सिंह जी का निधन बेहद दुखद है। संपूर्ण राष्ट्र ने आज एक जीवट राजनेता खो दिया। वह एक ऐसा क्षमतावान नेतृत्व रहे, जिसने समाज के उत्थान के लिए समाजवादी विचारधारा का पोषण किया। नेता जी वन मैन आर्मी थी। अकेले चले थे लेकिन आगे चलकर राजनीति में इतना बडा कुनबा खड़ा किया। उन्होंने अपने दम पर इतना बड़ा राजनीतिक दल खड़ा किया जो निस्संदेह काबिल ए तारीफ है। उन्होंने न केवल प्रदेश को नेतृत्व दिया बल्कि न्याय की अवधारणा में भी बड़ा बदलाव किया। अपनी रणनीतिक कुशलता के चलते देश के रक्षामंत्री के पद पर भी पूरी क्षमता के साथ काम किया। उनका निधन एक बड़ी अपूर्णनीय क्षति है।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने कहा “ मुलायम सिंह जी एक कर्मयोगी थे, जिन्होंने समाजवाद की अवधारणा को साकार करने के लिए काम किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक नये रूप में बदला। उनके जाने से हुई क्षति प्रदेश में कभी पूरी नहीं हो सकती है। हमें उनके साथ लोकसभा में भी रहने का मौका मिला उन्होंने समाजवाद के लिए अपनी राजनीतिक यात्रा प्रारंभ की और आजीवन इस पर चले। उनकी स्पष्टवादिता और दृढनिश्चयी शैली सभी धर्मों को जोड़ने का काम करती थी। वह एक ऐसा सर्वमान्य नेता के रूप में उभरे जो पार्टी से ऊपर रहा। इसी कारण चाहें किसी भी दल के नेता हों उन्होंने मुलायम सिंह जी का पूरा सम्मान किया। उनके निधन से पार्टी या परिवार को ही नहीं बल्कि पूरे देश को बड़ी क्षति हुई है। देश ने एक काबिल और सर्वमान्य नेता खो दिया है।”

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉ़ हरगोविंद कुशवाहा ने कहा “ नेताजी गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक कार्यों में लगाया और इसी कारण उन्हें धरतीपुत्र की संज्ञा दी गयी थी। उनका अपना जीवन निर्विवाद रहा । नेता जी ऐसे नेता रहे जिन्हें संसद में हर किसी अन्य नेता ने सम्मान दिया। मुलायम सिंह से अपने जीवन में शून्य से शिखर तक का सफर पूरा किया।”

समाजवादी पार्टी के निवर्तमान झांसी जिलाध्यक्ष ने महेश कश्यप ने कहा “ ऐसे सर्वमान्य नेता का जाना पार्टी के लिए तो बहुत बड़ी क्षति है ही यह देश के लिए भी बड़ी क्षति है। वह हमेशा पक्ष – विपक्ष और लोगों को भी साथ लेकर चले। ऐसा नेता अब कभी भविष्य में मिलेगा यह कहना बड़ी मुश्किल की बात है। इस दुख की घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवार के साथ हैं।

जिले में पार्टी सूत्रों ने बताया कि नेता जी के निधन पर यहां पूर्व सांसद डॉ़ चंद्रपाल सिंह यादव के आवास पर शोक सभा का आयोजन किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि सपा संस्थापक का आज सुबह गुरूग्राम के मेदांता सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में निधन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *