मसूरी में क्षेत्र पंचायत उपचुनाव में ममता देवी की जीत, भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने दर्ज की सफलता

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत चन्द्रोटी के अंतर्गत क्षेत्र पंचायत क्यारकुली भट्टा में हुए उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ममता देवी ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मोनिका देवी को 145 मतों के अंतर से पराजित किया। मोनिका देवी कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य गोविन्द सिंह पुण्डीर की भतीजी हैं। इस चुनाव में गोविन्द सिंह पुण्डीर अपनी ही ग्राम पंचायत में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाने में सफल नहीं हो पाए। यहां प्रत्याशी को 79 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता देवी को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के इसी समर्थन और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से भारतीय जनता पार्टी को आगामी चुनावों में भी जनसमर्थन मिलेगा और पार्टी प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाएगी।

 

भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने भी ममता देवी को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर भाजपा समर्थित प्रत्याशी पर विश्वास जताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस जीत के लिए बधाई देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह की भूमिका की भी सराहना की।

गौरतलब है कि उपचुनाव में कांग्रेस नेत्री गोदावरी थापली, बिल्लू थापली और जिला पंचायत सदस्य गोविन्द सिंह पुण्डीर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। इसके बावजूद मोनिका देवी को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *