बदरी-केदार धाम पहुंचे राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन, परिवार संग किए दर्शन

चमोली। उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार बदरी-केदार धाम पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने केदारनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह परिवार के साथ बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया

बाबा केदारनाथ के दर्शन कर की सुख-समृद्धि की कामना

केदारनाथ धाम में दर्शन के बाद राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दर्शन करना उनके लिए श्रद्धा और आस्था का विषय है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए प्रदेश की सेवा का अवसर देने के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

राज्यपाल ने कहा कि केदारनाथ धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कामना की कि बाबा के आशीर्वाद से उत्तराखंड समेत पूरा देश सुख, शांति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

स्वच्छता और नशामुक्ति पर दिया जोर

राज्यपाल ने देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धामों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए

उन्होंने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में भी सभी से सहयोग की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *