उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक भीषण हादसा हो गया। यहां अनियंत्रित होकर इनोवा कार गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार अन्य यात्रियों के नदी में लापता होने की आशंका है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें सर्च अभियान में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
नदी किनारे मिले चार लोगों के शव
घटनास्थल पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव बरामद हुए। इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
गुजरात के बताए जा रहे वाहन सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनोवा कार में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे के समय वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य यात्रियों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।