राजबीर सिंह बिष्ट बने बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन

नैनीताल। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड को नया चेयरमैन मिल गया है। बुधवार को नैनीताल में हुई बार काउंसिल की 26 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में अधिवक्ता राजबीर सिंह बिष्ट ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में बिष्ट को 11 प्रथम वरीयता मत मिले।

चुनाव में कुलदीप कुमार को 8 और योगेंद्र सिंह तोमर को 5 मत मिले, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। सबसे अधिक प्रथम वरीयता मत हासिल करने के साथ ही राजबीर सिंह बिष्ट को बार काउंसिल का नया चेयरमैन चुना गया।

सुशीला मेहता बिष्ट निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं

बार काउंसिल के चुनाव में अधिवक्ता सुशीला मेहता बिष्ट को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता डी.के. शर्मा को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) का प्रतिनिधि सदस्य चुना गया है। डी.के. शर्मा इससे पहले भी कई बार BCI में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

पहले भी संभाल चुके हैं उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

राजबीर सिंह बिष्ट इससे पहले भी बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक के बरसाली गांव के रहने वाले हैं। लंबे समय से वह देहरादून जिला अदालत में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे हैं।

चेयरमैन चुने जाने के बाद अधिवक्ता समुदाय में खुशी का माहौल है। साथी अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों की ओर से राजबीर सिंह बिष्ट को बधाई देने का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *