देहरादून में मोबाइल चोरी कर खाते से उड़ाए 1.50 लाख रुपये,नशे के शौक ने बनाया चोर लाखों 

 

देहरादून: मोबाइल चोरी से लेकर बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ाने तक, आरोपी ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया । उत्तराखंड के देहरादून के सहसपुर में एक महिला का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से 1.50 लाख रुपये उड़ाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की रकम से आरोपी ने R15 मोटरसाइकिल और ज्वैलरी खरीद ली। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल, नकदी, ज्वैलरी और बाइक बरामद की है। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है

 

कमरे से मोबाइल चोरी, फिर बैंक खाते से उड़ाए 1.50 लाख रुपये

 

पुलिस के मुताबिक, सहसपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी अनुराधा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल फोन चोरी होने के बाद बैंक खाते से ऑनलाइन 1.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।

 

CCTV फुटेज और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस

 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने सहसपुर के रामपुर पुल क्षेत्र से शाहरून को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 29 सितंबर को पीड़िता के कमरे से मोबाइल चोरी किया था। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप के जरिए करीब 1.50 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

 

ठगी के पैसों से खरीदी R15 बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक खाते से ट्रांसफर की गई रकम से R15 मोटरसाइकिल और ज्वैलरी खरीदी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद, करीब 40 हजार रुपये कीमत की ज्वैलरी और एक R15 मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नशे की लत और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *