उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, घाटियों में छाएगा कोहरा

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सात जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ सकता है।

 

सात जिलों में बारिश की संभावना

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज के साथ हो सकती है। इन जिलों के 3,500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

 

घाटियों में कोहरे का असर, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस की जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में घाटियों से होकर सफर करने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी देहरादून में शनिवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। दिन के समय धूप खिल सकती है, जबकि दोपहर बाद या शाम को कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *