ऋषिकेश: छिद्दरवाला में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 94 सिलेंडर बरामद; चार गिरफ्तार

ऋषिकेश: उत्तराखंड के छिद्दरवाला में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के कारोबार का खुलासा हुआ है। पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रायवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक किराये के मकान पर छापा मारकर 94 गैस सिलेंडर और पांच मोटर चालित रिफिलिंग किट बरामद की हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सिलेंडरों की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक लोडर वाहन को भी सीज कर दिया है।

 

छापेमारी में मिले 94 गैस सिलेंडर

जानकारी के अनुसार, छिद्दरवाला ग्रामसभा में अवैध गैस रिफिलिंग की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने किराये के मकान की तलाशी ली तो वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले।

कार्रवाई के दौरान कुल 94 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 62 कमर्शियल और 32 घरेलू गैस सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा मौके से पांच मोटर चालित रिफिलिंग किट भी मिली हैं।

 

चार आरोपी गिरफ्तार, लोडर वाहन सीज

पुलिस ने मौके से रामजीत सिंह, सुमित, वीर सिंह और राजीव कुमार को गिरफ्तार किया है। गैस सिलेंडरों की आवाजाही में इस्तेमाल किए जा रहे लोडर वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

ऋषिकेश, देहरादून और डोईवाला तक सप्लाई की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किराये के मकान में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों से कथित तौर पर अवैध तरीके से गैस की रिफिलिंग की जा रही थी। इसके बाद गैस को ऋषिकेश, देहरादून, डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है।

फिलहाल पुलिस और पूर्ति विभाग इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिलेंडर कहां से लाए जाते थे, गैस की आपूर्ति किन माध्यमों से होती थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *