हरकी पैड़ी से हरिद्वार ग्रामीण तक निकली कांग्रेस की न्याय यात्रा, हरक सिंह रावत ने उठाया अंकिता भंडारी का मुद्दा

हरिद्वार: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपनी न्याय यात्रा के जरिए विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। इसी क्रम में हरिद्वार में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के नेतृत्व में न्याय यात्रा निकाली गई। हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया।

हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस की न्याय यात्रा हरकी पैड़ी से शुरू होकर कोतवाली के सामने स्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद पार्क पहुंची। यहां आयोजित जनसभा में हरक सिंह रावत ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर अपनी बात रखी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए। जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़क पर उतरकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया।

जनसभा को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में जिन नेताओं के नाम सामने आने की बात कही जा रही है, उन्हें भाजपा में महत्वपूर्ण पद दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने चाहिए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *