उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट का जिक्र किया है।
हल्द्वानी दौरे के दौरान हरीश रावत ने कहा कि उनका मन खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। पार्टी उन्हें जिस सीट से चुनाव लड़ने का निर्देश देगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे।
परिवारवाद के आरोपों पर भी रखी बात
हरीश रावत ने परिवार के सदस्यों को टिकट दिए जाने के सवाल पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य पिछले 20 से 25 वर्षों से जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। परिवारवाद के आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों की राजनीतिक सक्रियता को इस नजरिए से देखने के बजाय उनके लंबे समय से किए जा रहे जनसंपर्क और मेहनत को भी ध्यान में रखना चाहिए।
भाजपा को हराने के लिए मजबूत प्रत्याशी के साथ
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी मजबूत प्रत्याशी होगा, वह उसके साथ खड़े हैं। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की चुनावी रणनीति और खानपुर सीट को लेकर उनकी व्यक्तिगत इच्छा के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, खानपुर सीट से उनकी उम्मीदवारी पर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को ही लेना है।