राष्ट्रपति के दौरे को लेकर डीएम ने परखी तैयारियां, अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। राष्ट्रपति के आगामी 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके।

 

इसके अलावा विद्युत और पेयजल विभाग को दौरे के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों और संबंधित विभागों को भ्रमण मार्गों तथा कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। डीएम ने सभी विभागों को तैयारियों की नियमित निगरानी करने और संभावित समस्याओं से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने के निर्देश भी दिए।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *