नगर निगम ने विद्यार्थियों को किया वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक, इको-फ्रेंडली दीपावली मनाने की अपील

देहरादून। देहरादून में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत आराघर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारणों, दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि दीपावली पर पटाखे जलाने, कूड़ा-कचरा और सूखी पत्तियां खुले में जलाने, वाहनों से निकलने वाले धुएं और धूल के कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है। वायु में मौजूद PM10 और PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। इनका बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर अधिक असर पड़ सकता है।

नगर निगम की ओर से विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें पटाखों से परहेज करने, मिट्टी के दीये जलाने, ऊर्जा की बचत करने और घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही कूड़ा और सूखी पत्तियां खुले में नहीं जलाने तथा अन्य लोगों को भी प्रदूषण के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी और शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। नगर निगम के अनुसार, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यालयों में इस तरह के अभियान चलाकर विद्यार्थियों को स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *