राष्ट्रीय एकता दिवस पर चकराता पुलिस की जागरूकता रैली, युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली चकराता पुलिस ने कैंट इंटर कॉलेज चकराता में छात्र-छात्राओं के साथ जनजागरूकता रैली निकाली। इस दौरान युवाओं को राष्ट्रीय एकता, नशामुक्त समाज और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य और सामाजिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

 

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय 

पुलिस ने छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए। पुलिस ने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं करने की अपील की।

साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

 

पुलिस परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली चकराता परिसर में पुलिस कर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

वहीं, शाम 5:30 बजे थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें चकराता क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल, टैक्सी स्टैंड यूनियन, होम स्टे संचालकों, अन्य स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। सभी ने स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम का प्रसारण देखा।

कोतवाली चकराता पुलिस ने इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्त समाज और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *