उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पूर्व प्रशासक एवं मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्यटन विभाग ने उन्हें हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत समन्वयक नियुक्त किया है।
बीडी सिंह वर्तमान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चारधाम यात्रा एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य सलाहकार के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं। उनकी नियुक्ति को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
प्रशासनिक अनुभव से मिलेगी कुंभ की तैयारियों को मजबूती
बीडी सिंह के पास प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन और चारधाम यात्रा प्रबंधन का लंबा अनुभव है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को बेहतर दिशा मिलेगी।
हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पर्यटन संबंधी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
कुंभ समन्वयक की जिम्मेदारी मिलने पर बीकेटीसी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने बीडी सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उनकी नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि हरिद्वार कुंभ मेला-2027 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के साथ उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूती मिलेगी।