देहरादून में मिठाइयों की गुणवत्ता पर सवाल, 83 खाद्य पदार्थों की जांच में 15 मानकों पर खरे नहीं उतरे

देहरादून। दीपावली समेत आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। रविवार को रायपुर चौक और महाराणा प्रताप चौक क्षेत्र में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान 83 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच में 15 निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए हैं।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला की मदद से मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई। जांच में सामने आई कमियों के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और खाद्य सामग्री के उचित भंडारण के निर्देश दिए गए।

तीन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

जांच अभियान के दौरान संदेह के आधार पर तीन प्रतिष्ठानों से विधिक नमूने भी लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी और कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना लिया।

विभाग की ओर से इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *