सड़क हादसा: रामनगर में कार की टक्कर से कई बार पलटा 12 सवारियों से भरा ऑटो, महिला की मौत, दूसरी का पैर कटा

नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे।

कार चालक मौके से फरार

मृतका के बेटे नासिर ने बताया कि हादसे में उनकी मां रुखसाना की मौत हो गई। उनके मुताबिक, कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। ऑटो के कई बार पलटने से उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो घायलों की हालत गंभीर

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर है। एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे न्यूरोसर्जन के पास भेजा गया है।वहीं, चांदनी नाम की महिला का पैर एड़ी के पास से लगभग पूरी तरह अलग हो गया है। पैर को बचाने के लिए नसों को जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए महिला को प्लास्टिक सर्जन के पास भेजा जा रहा है। अन्य तीन घायलों को फ्रैक्चर हैं। इसके अलावा छह अन्य घायलों का दूसरे अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑटो में करीब 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है, जो क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की ओर इशारा करती है।रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे में महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *