अमित शाह के दौरे को लेकर दून में सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। परेड ग्राउंड से लेकर रिजर्व पुलिस लाइन तक सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंप दी गई है।

 

अमित शाह 6 नवंबर को दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कार्यक्रम स्थलों और संबंधित व्यवस्थाओं को विभिन्न जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का खाका तैयार

गृहमंत्री के दौरे के दौरान जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।

 

सीडीओ ने अधिकारियों को किया ब्रीफ

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल और सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए तैनात ड्यूटी प्रभारियों को उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन करने को कहा। किसी भी तरह की कमी मिलने पर इसकी सूचना समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।

 

मंच से लेकर चिकित्सा और अग्निशमन तक की जिम्मेदारी तय

परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी और अन्य अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम, डाइनिंग सहित विभिन्न सुविधाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

सीडीओ अभिनव शाह ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *