अमित शाह के दौरे का कांग्रेस ने किया विरोध, हवा में उड़ाए काले गुब्बारे; गणेश गोदियाल ने सरकार को घेरा

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के दौरान उत्तराखंड में सियासी माहौल गरमा गया। उनके आगमन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और काले गुब्बारे हवा में छोड़कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

 

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई उसके परिजनों से ही हरवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में एक कथित नेता की संलिप्तता के आरोप सामने आए थे, लेकिन सरकार ने बेटियों के सम्मान से जुड़े इस मामले में न्याय नहीं किया।

 

गोदियाल ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के विरोध में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करना कांग्रेस की मजबूरी है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड, पहाड़ों में जंगली जानवरों का आतंक, अग्निवीर योजना और सहकारिता विभाग में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार इन सवालों पर मौन है।

 

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों का समाधान करने में विफल रही हैं। पार्टी ने इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *