ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर के फूलबाग क्षेत्र में तीन दिन पूर्व कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने के प्रयास में झुलसे उप निरीक्षक को आज बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमित सांघी ने आज बताया कि शहर के फूलबाग क्षेत्र में 31 जनवरी को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन के समय कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान उप निरीक्षक दीपक गौतम गंभीर रुप से झुलस गए थे। उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां तीन दिन चले उपचार के बाद आज चिकित्सकों के परामर्श पर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है।
वहीं, कांग्रेस ने एक पत्रकार वार्ता कर पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित कार्रवाई करार दिया है। शहर जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, विधायक सतीश सिंह सिकरवार, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्वक चल रहा था। वहीं, इससे पहले भी दो पुतले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाने का प्रयास किया था और उसे फायर ब्रिगेड की पास ही खडी गाडी से पानी फायरिंग कर बुझा दिया।
उन्होने कहा कि उनका पुतला जलाते समय झुलसे उप निरीक्षक दीपक गौतम से कोई विरोध नहीं था और ना ही जानबूझकर उनके ऊपर पुतला फेंका गया था। उन्होंने बताया कि पुतले की छीना झपटी में अचानक आग उनके कपडों में पकड ली। श्री शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व में भी कांग्रेस सहित भाजपा ने भी कई बार पुतले जलाए, उसमें भी कई बार पुतला जलाते समय कार्यकर्ता और पुलिस कर्मी झुलस गये थे। लेकिन इस बार केवल राजनीतिक द्वेशवश प्रशासन और पुलिस एनएसयूआई पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
