पलटन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री, जानिए क्या है वजह

देहरादून: त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए देहरादून के पलटन बाजार में यातायात व्यवस्था सख्त कर दी गई है। जिला प्रशासन ने बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इस दौरान सामान की लोडिंग और अनलोडिंग भी नहीं की जा सकेगी। व्यापारियों को यह काम सुबह 11 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

त्योहारों में भीड़ और जाम से मिलेगी राहत

त्योहारी सीजन में पलटन बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों की आवाजाही से जाम लगने और पैदल चलने वालों को परेशानी होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।

 

अतिक्रमण करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें बाजारों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।

 

प्रशासन ने पलटन बाजार समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। दुकानों के बाहर सामान रखने और रास्ते में बाधा पैदा करने वाली रेहड़ी-ठेलियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

व्यापारियों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करें। अधिकारियों के अनुसार, बाजार में रास्ता खुला रहने से आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी सुचारू बनी रहेगी।

प्रशासन का उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान जाम और अव्यवस्था को कम करना तथा बाजार आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *