उद्योगपति सुशील कानौड़िया ने सपरिवार किए बदरीविशाल के दर्शन, मंदिर सेवा का लिया संकल्प

देहरादून: दिल्ली के उद्योगपति एवं समाजसेवी सुशील कानौड़िया ने गुरुवार को सपरिवार श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। उन्होंने शयन आरती और शुक्रवार को महाभिषेक पूजा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी और  घंटाकर्ण जी को ध्वज अर्पित कर मंदिर की सेवा का संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर समिति ने किया स्वागत

बदरीनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर प्रभारी एवं प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल ने कानौड़िया परिवार का स्वागत किया। इस दौरान परिवार को प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किए गए। सुशील कानौड़िया ने अपने प्रवास के दौरान बीकेटीसी कर्मचारियों को जैकेट और साधु-संतों को वस्त्र व कंबल भी वितरित किए। इससे पहले वह केदारनाथ धाम में भी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां जरूरतमंदों को कंबल बांटे।

तुंगनाथ और भैरवनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार में योगदान

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, कानौड़िया परिवार ने धार्मिक स्थलों के संरक्षण और जीर्णोद्धार में योगदान दिया है। परिवार ने तृतीय केदार  तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश और छतरी के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के साथ गुप्तकाशी स्थित  विश्वनाथ मंदिर परिसर के भैरवनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य कराया है।

परिवार की ओर से अन्य धार्मिक कार्यों में भी योगदान दिया गया है। इनमें अनुसूया माता मंदिर में चांदी के सिंहासन का निर्माण और पांडुकेश्वर के पास शिव मंदिर का निर्माण शामिल है। बीकेटीसी ने मंदिरों के संरक्षण में सहयोग के लिए कानौड़िया परिवार का आभार जताया।

छह दशकों से धार्मिक और सामाजिक कार्यों में योगदान

कानौड़िया परिवार लंबे समय से बदरीनाथ-केदारनाथ धाम सहित देश के विभिन्न मंदिरों के संरक्षण, धार्मिक गतिविधियों और समाजसेवा से जुड़ा रहा है। सुशील कानौड़िया के साथ उनकी पत्नी ममता कानौड़िया, पुत्र दीपक कानौड़िया, पुत्रवधू पायल कानौड़िया, पुत्रियां चेरी गुप्ता और नेहा गोयल तथा परिवार के अन्य सदस्य भी बदरीनाथ धाम पहुंचे।इस अवसर पर बीकेटीसी के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल सहित मंदिर समिति के अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *