देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक निर्माणाधीन भवन में प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी के पास की है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि प्रॉपर्टी डीलर की मौत भवन की पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी 52 वर्षीय पंकज मित्तल के रूप में हुई है। पुलिस को सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद रायपुर थाना पुलिस और मयूर विहार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
सिर और चेहरे पर आई थीं गंभीर चोटें
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने पर व्यक्ति का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह चुका था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
मौत से पहले WhatsApp मैसेज भेजने की चर्चा
इस मामले में मृतक के नाम से सामने आए कुछ WhatsApp मैसेज भी चर्चा में हैं। उपलब्ध स्क्रीनशॉट के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2:18 बजे पंकज मित्तल के नाम से कई लोगों को संदेश भेजे गए थे। इन संदेशों की प्रकृति और घटना से उनके संबंध को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका और मौत से पहले भेजे गए संदेशों से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।