देहरादून: दीपावली से पहले देहरादून जिले में हजारों घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन ब्लॉक किए जाने और बुकिंग बंद होने का मामला सामने आया है। आपूर्ति विभाग के अनुसार, जिले में शुरुआत में करीब 1,00,104 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित थी। इनमें से पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके कनेक्शन और बुकिंग बहाल कर दी गई है। इसके बावजूद करीब 95 हजार उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित बताई जा रही है।
ई-केवाईसी नहीं कराने पर बुकिंग पर रोक
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर के बाद ई-केवाईसी पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन ब्लॉक किए गए और उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई। वहीं, एक अक्टूबर से ई-केवाईसी पूरी कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन बहाल किए जाने और बुकिंग स्वीकार किए जाने की बात कही गई है।
इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ता ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। दीपावली से पहले गैस बुकिंग प्रभावित होने से घरेलू रसोई की व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
जिले में संचालित हैं 70 गैस एजेंसियां
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियां संचालित हैं। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। विभाग के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के बाद कनेक्शन और बुकिंग संबंधी सेवाएं बहाल कराई जा सकती हैं।
फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य
जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि पात्र लाभार्थियों की पहचान करने और डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों पर रोक लगाने के उद्देश्य से ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। इससे गैस सब्सिडी का लाभ सही उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।