मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जिले में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
रामगंगा नदी पर बनेगा बांध
शिलान्यास की गई योजनाओं में गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की योजना प्रमुख है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे।
इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने और भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाना है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर
विकास योजनाओं के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए 12.16 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए 22.75 लाख रुपये की योजना भी शामिल है।
इसके साथ ही कुमोली रैवान मोटर मार्ग के लिए 6.99 करोड़ रुपये और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों के लिए 5.60 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
छह योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया, जिनकी कुल लागत 34.04 करोड़ रुपये है। इन योजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया गया है।