देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं, अर्नब साइक्लोन से जुड़े मौसमी सिस्टम के कारण भी वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसका उत्तराखंड पर सीधा असर पड़ने की आशंका नहीं है।
कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
30 अक्टूबर को कुमाऊं में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
प्रदेश के 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम में बदलाव के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी जाती है। तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में भी सावधानी बरतने की जरूरत है।