हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र स्थित लकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में बजाज एंड संस प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में हीट ट्रीटमेंट प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल होने वाले क्वेंचिंग ऑयल में आग लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फोम कंपाउंड की मदद से आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में आग लगने के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने भगवानपुर फायर स्टेशन को सूचना देकर अग्निशमन वाहन भेजने की मांग की। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

मौके पर पहुंचने पर टीम को पता चला कि हीट ट्रीटमेंट प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले क्वेंचिंग ऑयल ने आग पकड़ ली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने सावधानी के साथ आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।
फोम कंपाउंड से बुझाई आग
दमकल टीम ने मोटर फायर इंजन से होज पाइप फैलाकर आग बुझाने का अभियान चलाया। तेल में लगी आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए पानी के बजाय फोम कंपाउंड का इस्तेमाल किया गया। दमकल कर्मियों ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।
समय रहते आग पर काबू पाए जाने से संभावित खतरे को टालने में मदद मिली। कार्रवाई पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद दमकल टीम भगवानपुर फायर स्टेशन लौट गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।