काशीपुर में संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप का भंडाफोड़, 21 दिन में किए गए 45 हजार से अधिक कॉल; एक गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एनएस एंटरप्राइजेज (NS Enterprise) के नाम से संचालित संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप का भंडाफोड़ किया है। प्रारंभिक जांच में एसआईपी कनेक्शन के जरिए इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (आईएलडी) गेटवे बाईपास और ऑटोमेटेड रोबो कॉलिंग किए जाने की आशंका सामने आई है। जांच में 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कंप्यूटर और टेलीकॉम उपकरण बरामद

आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से कंप्यूटर सिस्टम, एसआईपी उपकरण, नेटवर्किंग डिवाइस, जियो और एयरटेल कनेक्टिविटी से संबंधित उपकरण और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

मुरादाबाद का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईमुद्दीन पुत्र जाहिद हुसैन निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। एसटीएफ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में टेलीकॉम सेटअप के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियां संचालित किए जाने के संकेत मिले हैं।

डिजिटल साक्ष्य जुटा रही एसटीएफ

तकनीकी जांच के दौरान कंप्यूटर में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्रीपीबीएक्स (FreePBX) लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और एसएसएच क्लाइंट मिले हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप चैट में एसआईपी ट्रंक, केबल और इंटरनेट कनेक्शन से संबंधित बातचीत भी सामने आई है।

एसटीएफ ने जांच के लिए रैम डंप, सिस्टम लॉग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। इन साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध टेलीकॉम गतिविधियों की प्रकृति और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *