देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का प्रदेश के सभी पुलिस थानों में शाम 5:30 बजे सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय की ओर से कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी संबंधित जिलों में पहुंचकर पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में शामिल होंगे और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही सभी जिलों में पुलिसकर्मियों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी
कार्यक्रम के तहत एडीजी वी. मुरुगेशन को देहरादून और एडीजी ए.पी. अंशुमान को नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। आईजी विम्मी सचदेवा को हरिद्वार, आईजी रिधिम अग्रवाल को देहरादून, आईजी कृष्ण कुमार वीके को ऊधमसिंह नगर, आईजी नीलेश आनंद भरणे को पौड़ी गढ़वाल और आईजी राजीव स्वरूप को टिहरी गढ़वाल भेजा गया है।इसी क्रम में आईजी अनंत शंकर ताकवाले को अल्मोड़ा, आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तरकाशी, आईजी योगेंद्र सिंह रावत को चंपावत, आईजी बरिंदरजीत सिंह को रुद्रप्रयाग, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल को चमोली और डीआईजी यशवंत सिंह को पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शाम को थानों में होगा जनसंवाद
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के अनुसार, शाम 5:30 बजे सभी पुलिस थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं की मौजूदगी में एकता परेड का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें पुलिस और आमजन के बीच समन्वय, सहयोग और विश्वास मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी।
साइबर ठगी और नशे के प्रति करेंगे जागरूक
जनसंवाद के दौरान साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनसमुदाय, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उत्तराखंड पुलिस का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने के साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना है।