देहरादून। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहे हेलीकॉप्टर के हादसे का शिकार होने के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी है। यह निर्णय हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ से भरी थी उड़ान
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के आसपास पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया और उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया।
हेलीकॉप्टर में सवार थे छह लोग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। इनमें पायलट के अलावा पांच अन्य यात्री शामिल थे। घटना की जानकारी मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और सेना की टीम को घटनास्थल के पास भेजा गया, ताकि व्यवस्थित तरीके से खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा सके।
सुरक्षा के मद्देनजर उड़ानों पर रोक
हादसे के बाद यूकाडा ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों के संचालन पर रोक लगाने का फैसला किया है। प्राधिकरण की ओर से सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हेलीकॉप्टर हादसे के बाद चारधाम यात्रा में हवाई सेवाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर संबंधित एजेंसियों की जांच महत्वपूर्ण होगी।