जोशीमठ। उत्तराखंड में एक हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया है। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास पहाड़ी पर क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे।
पायलट समेत पांच यात्री थे सवार, हादसे के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर का उड़ान के दौरान संपर्क टूट गया था। घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली गई और खोजबीन शुरू की गई।
हालांकि, अब सामने आई अपडेट के मुताबिक हेलीकॉप्टर का मलबा मिल गया है। हादसा जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
खराब मौसम बना चुनौती
घटना के समय क्षेत्र में मौसम खराब था। उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही थी। इससे खोज एवं राहत अभियान प्रभावित होने की आशंका है। हेलीकॉप्टर हादसे के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।