हरिद्वार में पहली बार निकली भव्य दंडवत यात्रा, बारिश में भी नहीं डिगी श्रद्धालुओं की आस्था

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में पहली बार निकाली जा रही भव्य दंडवत यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है। कनखल स्थित दक्षेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा बारिश के बावजूद लगातार जारी रही। देशभर से पहुंचे हजारों महिला और पुरुष श्रद्धालु जमीन पर लेटकर दंडवत करते हुए करीब चार किलोमीटर की दूरी तय कर हरकी पैड़ी की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा का क्रम शुक्रवार रात से शनिवार तक जारी रहेगा।

नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही इस यात्रा का शुभारंभ दक्षेश्वर मंदिर में भगवान शिव के रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके बाद करौली शंकर महाराज ने यात्रा को रवाना किया। यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु शामिल हुए हैं।

 

बारिश के बीच भी जारी रही दंडवत यात्रा

दंडवत यात्रा का क्रम बारिश के बावजूद नहीं थमा। श्रद्धालु सड़क पर लेटकर दंडवत करते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा का रूट दक्षेश्वर मंदिर से शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक और अपर बाजार होते हुए हरकी पैड़ी तक निर्धारित किया गया है। यात्रा को पूरा करने में करीब 30 से 35 घंटे का समय तय किया गया है। ऐसे में शुक्रवार सुबह शुरू हुई यह यात्रा शनिवार तक जारी रहेगी।

 

देश की एकता और अखंडता का संदेश

करौली शंकर महाराज ने बताया कि दंडवत यात्रा का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ भारतीय सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं का प्रचार-प्रसार करना है। यात्रा के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी उनके द्वारा दंडवत यात्रा निकाली जा चुकी है, जिसे पूरा करने में सात महीने का समय लगा था।

 

कुंभ मेले की सफलता के लिए करेंगे प्रार्थना

हरिद्वार में निकाली जा रही इस यात्रा के माध्यम से आगामी कुंभ मेले के सफल और निर्विघ्न आयोजन के लिए भी प्रार्थना की जा रही है। शनिवार को हरकी पैड़ी पहुंचने के बाद श्रद्धालु सफाई अभियान चलाएंगे। इसके बाद शाम को भव्य गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा की आराधना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *