उत्तराखंड: कांग्रेस 4 नवंबर से शुरू करेगी भूमि बचाओ अभियान, विधानसभा वार वरिष्ठ नेताओं को सौंपी कमान

देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस चार नवंबर से विधानसभा वार भूमि बचाओ अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस संगठन की ओर से अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि भूमि बचाओ अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नामित किया गया है। पार्टी का उद्देश्य अभियान के माध्यम से भूमि से जुड़े मुद्दों को उठाना और लोगों तक अपनी बात पहुंचाना है।

विधानसभा वार नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

कांग्रेस की ओर से जारी जिम्मेदारियों के अनुसार, नैनीताल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल और जिलाध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है।अल्मोड़ा में विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल को जिम्मेदारी दी गई है। रानीखेत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, हल्द्वानी में विधायक तिलक राज बेहड़ और सुमित हृदयेश को प्रभारी नामित किया गया है।भीमताल विधानसभा में विधायक भुवन कापड़ी और आदेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून और ऋषिकेश में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और जिलाध्यक्ष अभियान की कमान संभालेंगे।विकासनगर विधानसभा में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह को प्रभारी बनाया गया है, जबकि मसूरी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को जिम्मेदारी दी गई है।

हरिद्वार और टिहरी में भी वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी

टिहरी विधानसभा में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला को प्रभारी बनाया गया है। हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं, रानीपुर विधानसभा में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाती को अभियान का प्रभारी नामित किया गया है।कांग्रेस चार नवंबर से विधानसभा स्तर पर अभियान शुरू कर प्रदेशभर में भूमि से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *