देहरादून। दीपावली से पहले पटाखों के कारोबार में कर चोरी की आशंका को देखते हुए राज्य कर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच और सर्वे की कार्रवाई की। इस दौरान छह फर्मों से कुल 92 लाख रुपये जमा कराए गए।आयुक्त कर उत्तराखंड प्रतीक जैन के निर्देश पर राज्य कर विभाग देहरादून के संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ने कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। टीमों ने पटाखा कारोबार से जुड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खरीद-बिक्री, स्टॉक और अन्य व्यावसायिक दस्तावेजों की जांच की।
छह फर्मों से जमा कराए 92 लाख रुपये
जांच के दौरान विभागीय टीमों ने कारोबारियों के अभिलेखों का सत्यापन किया और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया। कार्रवाई के दौरान कुल छह फर्मों से 92 लाख रुपये जमा कराए गए। विभाग की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हलचल रही।
स्टॉक और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री में तेजी आती है। ऐसे में कारोबारियों के लिए खरीद-बिक्री और स्टॉक का सही ब्योरा रखना जरूरी है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कर चोरी पर अंकुश लगाने के साथ सरकारी राजस्व का संरक्षण किया जा सके।
राज्य कर विभाग की टीमें कारोबारियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में कर चोरी रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।