देहरादून के 6814 स्ट्रीट वेंडर्स बने आत्मनिर्भर, पीएम स्वनिधि योजना से कारोबार को मिला सहारा

देहरादून। शहर के रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम की ओर से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। मंगलवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने फेरी व्यवसायियों से केंद्र सरकार की योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

6814 लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ

कार्यक्रम में योजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सिटी मिशन मैनेजर विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि नगर निगम देहरादून क्षेत्र में अब तक विभिन्न बैंकों के माध्यम से 6814 स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ दिया जा चुका है। इन लाभार्थियों को करीब 11.63 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई गई है। इससे छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने में आर्थिक मदद मिली है।

छोटे कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक संबल

महोत्सव के दौरान योजना के प्रथम चरण और पुनर्गठित पीएम स्वनिधि योजना की प्रक्रिया व प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल देने के साथ उनके स्वरोजगार को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने फेरी व्यवसायियों से योजना का लाभ लेकर अपने कारोबार को मजबूत बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *