देहरादून में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर ने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ गलत काम किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण गृह भेज दिया है। वहीं, पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेल-खेल में बच्ची को ले गया अपने साथ

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम पटेलनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी में आरोपी किशोर बच्ची को खेल-खेल में अपने साथ ले गया। आरोप है कि इस दौरान उसने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी किशोर को संरक्षण में भेजा

सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को हिरासत में लिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधि विवादित किशोर को संरक्षण में भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *