अमित शाह की जनसभा और धनतेरस से थमेगी दून की रफ्तार, कई सड़कें जीरो जोन

छह नवंबर को देहरादून में दो बड़े आयोजनों और धनतेरस की खरीदारी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा और पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के साथ बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन घोषित किया गया है, जबकि कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।

पुलिस के अनुसार, शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन

अमित शाह की जनसभा को देखते हुए परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा। इस दौरान आसपास के मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जनसभा स्थल के आसपास जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

अलंकरण परेड के दौरान भी रहेगा प्रतिबंध

पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक जीरो जोन रहेगा। इस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

 

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो एंट्री

धनतेरस की खरीदारी के मद्देनजर पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक लोडिंग वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। बाजार में केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।व्यापारियों के वाहनों को टोकन के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और बाजारों में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है। छह नवंबर को देहरादून आने-जाने वाले लोग निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि जनसभा, अलंकरण परेड और धनतेरस की खरीदारी के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *