देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद से जुड़े मामले में विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच तेज कर दी है। टीम ने बरेली, हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश देकर अहम जानकारियां जुटाईं। इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू के करीबियों से भी पूछताछ की गई है।
जांच टीम गिरधारी लाल साहू से जुड़े कारोबारी लेनदेन, कंपनियों के कामकाज और विवाद से संबंधित पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और संपर्कों के आधार पर एसआईटी मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
कंपनियों के रिकॉर्ड और ऑडियो की फॉरेंसिक जांच
जांच के दौरान एसआईटी उन कंपनियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, जिनसे जुड़े पदों और दस्तावेजों में कथित हेरफेर के आरोप लगाए गए हैं। टीम मूल दस्तावेजों, हस्ताक्षरों, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इसका उद्देश्य दस्तावेजों में कथित बदलावों की प्रकृति और परिस्थितियों का पता लगाना है। इसके लिए उपलब्ध रिकॉर्ड और संबंधित लोगों से मिली जानकारियों का मिलान किया जा रहा है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच
एसआईटी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। उन्होंने जांच टीम को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। दावा किया गया है कि इस रिकॉर्डिंग में मंत्री और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाने की साजिश से जुड़ी बातचीत है। टीम रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और आवाजों के मिलान के लिए फॉरेंसिक जांच करा रही है।
वहीं, गिरधारी लाल साहू इस ऑडियो रिकॉर्डिंग को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग बता चुके हैं। ऐसे में जांच के दौरान ऑडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों का सत्यापन अहम माना जा रहा है। एसआईटी दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित लोगों से मिली जानकारियों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।