देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अगले महीने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पौड़ी जिले में जनसभा करेंगी। हालांकि, दोनों नेताओं की सभाओं की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
दिल्ली की बैठक में तय होगा कार्यक्रम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की प्रस्तावित जनसभाओं की तिथि एक नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक में तय की जाएगी। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।
सीमांत क्षेत्र और पहाड़ के मुद्दों पर रहेगा फोकस
राहुल गांधी की धारचूला में प्रस्तावित जनसभा को सीमांत क्षेत्र के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वहीं, प्रियंका गांधी की पौड़ी में होने वाली प्रस्तावित सभा के माध्यम से कांग्रेस पहाड़ से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
अंकिता हत्याकांड, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर रहेगा फोकस
पार्टी नेताओं के मुताबिक, दोनों नेताओं की जनसभाओं में अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी, पलायन, भूमि और मूल निवास समेत प्रदेश से जुड़े अन्य अहम मुद्दे उठाए जा सकते हैं। दिवाली के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की उत्तराखंड में जनसभाएं होने की संभावना है।