देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी विभागों पर बिजली बिल के बकाया भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी विभागों पर 30 सितंबर 2026 तक बिजली मूल्य के सापेक्ष बकाया 539.61 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अनुपूरक बजट में स्वीकृत 166 करोड़ रुपये भी जल्द यूपीसीएल को जारी करने को कहा गया।

यूपीसीएल की वित्तीय स्थिति पर चर्चा
बैठक में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने निगम की वर्तमान वित्तीय स्थिति, देनदारियों और वित्तीय चुनौतियों के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इस दौरान निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, लंबित धनराशि जारी करने और बिजली आपूर्ति से जुड़े विकास कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में सरकारी कार्यालयों के बकाया बिजली बिल, पूंजीगत कार्यों के लिए अंशपूंजी की व्यवस्था, सरचार्ज माफी योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत कराए गए कार्यों के भुगतान जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

सरकारी कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर होंगे प्रीपेड
भारत सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत पहले चरण में सरकारी कनेक्शनों पर लगाए गए स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड करने के लिए बजट आवंटन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। यूपीसीएल की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्तावों का परीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में टैरिफ में वृद्धि नहीं किए जाने के कारण निगम के वित्तीय अंतर की भरपाई के लिए लॉस गैप फंडिंग की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे का मुद्दा भी उठा
यूपीसीएल और उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के विभाजन के बाद परिसंपत्तियों एवं देनदारियों के विवरण तथा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच ट्रांसफर स्कीम के तहत देय धनराशि से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत कराए गए कार्यों के भुगतान और पूंजीगत कार्यों के लिए अंशपूंजी उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
त्योहारों और कुंभ मेले में सुचारू बिजली आपूर्ति के निर्देश
मुख्यमंत्री ने दीपावली सहित आगामी त्योहारों और कुंभ मेले को देखते हुए बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत आपूर्ति की निरंतरता, विकास कार्यों के संचालन और निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया गया।बैठक में प्रमुख सचिव (ऊर्जा), यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य अभियंता गौरव शर्मा, महाप्रबंधक (वित्त) अमित कुमार कसल तथा अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार सिंह शामिल थे।