देहरादून। उत्तराखंड के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की। इस दौरान उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में 161.96 करोड़ रुपये पहुंचे।
इस अवसर पर देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
चार लाख से बढ़कर 8.08 लाख हुए लाभार्थी किसान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2019 में जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू हुई थी, तब उत्तराखंड के करीब चार लाख किसान इससे लाभान्वित हो रहे थे। आज यह संख्या बढ़कर 8.08 लाख हो गई है। उन्होंने लाभार्थी किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं।
मुफ्त सिंचाई से आधुनिक पॉलीहाउस तक, किसानों को मिल रहा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नहरों से सिंचाई पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि 115 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश में 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए जा चुके हैं। इसके साथ ही मोटे अनाज, सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में सगंध खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और कृषि क्षेत्र को रोजगार एवं स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बनाना है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार काम कर रही हैं।