देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शनिवार को देहरादून से पुरकुल गांव तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली में निगम के करीब 70 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया और लगभग 30 किलोमीटर की दूरी तय कर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निगम मुख्यालय उज्ज्वल से निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल और अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष कुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली गढ़ी कैंट, गुच्चूपानी और भगवंतपुर होते हुए पुरकुल गांव पहुंची। यहां से वापस निगम मुख्यालय पहुंचकर रैली का समापन हुआ

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि रैली का उद्देश्य कार्मिकों और आम जनता में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि साइकिल बिना जैविक ईंधन के संचालित होने वाला सरल और लोकप्रिय यातायात साधन है। साथ ही यह स्वस्थ एवं प्रसन्न रहने के लिए बेहतर व्यायाम भी है।
इस अवसर पर निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल ने कहा कि निगम कार्मिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए साइक्लिंग सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी रैली में हिस्सा लिया।
रैली के समापन समारोह में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया
रैली में महाप्रबंधक नीरज जैन, भरत भारद्वाज, राजेश कुमार, उपमहाप्रबंधक सचिन डंगवाल, जयपाल सिंह, स्वयंभू डिमरी सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।